भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष में एक नया इतिहास रच दिया है. Ax-4 मिशन के तहत वह स्पेसएक्स के ड्रैगन कैप्सूल के जरिए अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से सफलतापूर्वक जुड़ चुके हैं. इसकी खास बात यह रही कि ड्रैगन कैप्सूल ने निर्धारित समय से 20 मिनट पहले ही डॉकिंग कर ली. अब अगला चरण है 1 से 2 घंटे की सुरक्षा जांच, जिसमें यह देखा जाएगा कि कहीं कोई हवा का रिसाव या दबाव में असमानता तो नहीं है. जांच पूरी होने के बाद, मिशन का क्रू आधिकारिक रूप से ISS में प्रवेश करेगा और इसी के साथ भारत का नाम एक बार फिर अंतरिक्ष में चमकेगा. जानकारी के अनुसार ये डॉकिंग हार्मनी मॉड्यूल के अंतरिक्ष-सामने वाले पोर्ट पर हुई है. 

डॉकिंग का निर्धारित समय क्या था?
भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर पहुंचने वाले पहले भारतीय बन चुके हैं. शुभांशु शुक्ला के अमेरिका, पोलैंड और हंगरी के तीन अन्य लोगों के साथ गुरुवार सुबह 7 बजे (भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे) अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचना था, लेकिन वो तय समय से करीब 20 मिनट पहले ही पहुंचने में कामयाब रहे हैं.